हरियाणा पुलिस का बड़ा एक्शन, 583 आपत्तिजनक लिंक और 14 फर्जी ट्रेडिंग ऐप्स ब्लॉक
हरियाणा पुलिस ने सोशल मीडिया पर बढ़ती अवैध और आपत्तिजनक गतिविधियों पर सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक स्तर पर डिजिटल अभियान शुरू किया है। यह अभियान इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सहयोग से चलाया जा रहा है। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, राष्ट्र-विरोधी, धर्म-विरोधी तथा समाज में तनाव और भ्रम फैलाने वाली सामग्री लगातार पोस्ट की जा रही थी, जिसे रोकने के लिए सुनियोजित तरीके से कार्रवाई आवश्यक हो गई थी। इसी उद्देश्य से साइबर हरियाणा टीम ने लगभग एक महीने पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की निरंतर निगरानी शुरू की, जो लगातार जारी है। इसी मुहिम के तहत अब तक कुल 1,018 लिंक और प्रोफाइल रिपोर्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 583 आपत्तिजनक सामग्री को सोशल मीडिया कंपनियों द्वारा हटाया या ब्लॉक किया जा चुका है। शेष 435 स्थिति समीक्षा के विभिन्न चरणों में हैं और जिन्हे जल्द ही टेक-डाउन किया जाएगा। यह आँकड़ा उदाहरण प्रस्तुत करता है कि हरियाणा पुलिस सोशल मीडिया पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए कितनी गंभीर और तत्पर है।



