कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में बुधवार तड़के एक होटल में भीषण आग लगने से कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में हुआ। आग करीब रात 2 बजे लगने की जानकारी सामने आई है।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस और दमकल कर्मियों ने होटल के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
मृतकों में बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल
सूत्रों के अनुसार, मृतकों में बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल हैं, जो इलाज के सिलसिले में कोलकाता आए थे। हालांकि, मृतकों की आधिकारिक पहचान और संख्या की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
होटल में आग किस वजह से लगी, इसका अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें घटना की जांच कर रही हैं। मामले में होटल संचालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के तारापीठ स्थित एक होटल में भी आग लगने की घटना सामने आई थी, जिसमें 8 लोगों की मौत हुई थी और कई लोग घायल हुए थे। लगातार हो रही होटल अग्निकांड की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग की टीमें आग लगने के कारणों, सुरक्षा मानकों और हादसे के लिए जिम्मेदार परिस्थितियों की जांच में जुटी हैं।



