Home छत्तीसगढ़ शहीद की पत्नी ने CM साय को बांधी राखी, भावुक हुए मुख्यमंत्री,...

शहीद की पत्नी ने CM साय को बांधी राखी, भावुक हुए मुख्यमंत्री, बोले- शहीद परिवार हमारा अपना

0
1

रक्षाबंधन से पहले राजधानी रायपुर में आयोजित ‘स्नेह की डोर’ कार्यक्रम भावनाओं से भर गया। बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2017 में नक्सली मुठभेड़ में शहीद हुए उपनिरीक्षक युगल किशोर वर्मा की पत्नी माधुरी वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की कलाई पर राखी बांधी। इस भावुक क्षण में मुख्यमंत्री की आंखें नम हो गईं।

मुख्यमंत्री साय ने शहीद युगल किशोर वर्मा के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कहा कि शहीद जवानों के परिवार प्रदेश के अपने परिवार हैं। उन्होंने शहीद परिवारों के सम्मान, स्वाभिमान और सुख-दुख में हमेशा उनके साथ खड़े रहने का संकल्प दोहराया।

करीब 800 जवानों की कलाइयों पर बंधी राखी
कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं, दिव्यांग बेटियों, स्वच्छता दीदियों, ड्रोन दीदियों, लखपति दीदियों और महिला स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने CISF, BSF, ITBP, CRPF, सेना और छत्तीसगढ़ पुलिस के करीब 800 जवानों को राखी बांधी। इस दौरान जवानों और बहनों के बीच भाई-बहन के स्नेह और सुरक्षा के संकल्प का भावपूर्ण दृश्य देखने को मिला।

नक्सलवाद के खिलाफ जवानों के बलिदान को किया याद
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में सुरक्षा बलों ने अदम्य साहस और बलिदान का परिचय दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रदेश में शांति और विकास का नया दौर आगे बढ़ेगा और किसी बहन को नक्सली हिंसा के कारण अपने भाई या पति को खोने का दर्द नहीं सहना पड़ेगा।

कार्यक्रम ने रक्षाबंधन के पर्व को केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित न रखते हुए शहीदों के सम्मान, जवानों के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक विश्वास का संदेश भी दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here