लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल हुआ है। राज्य सरकार ने देर रात 17 वरिष्ठ IAS अधिकारियों के तबादले करते हुए कई महत्वपूर्ण पदों पर नई तैनाती की है। इस बदलाव में मुरादाबाद मंडल के कमिश्नर पद पर हुई नियुक्ति सबसे ज्यादा चर्चा में है।
संगीता सिंह को मुरादाबाद की कमान
तबादला सूची के मुताबिक अलीगढ़ की मंडलायुक्त संगीता सिंह को अब मुरादाबाद का नया मंडलायुक्त बनाया गया है। वहीं राजस्व परिषद, प्रयागराज में सदस्य (न्यायिक) के पद पर तैनात ओम प्रकाश आर्य को अलीगढ़ मंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आंजनेय कुमार सिंह की यूपी में प्रतिनियुक्ति खत्म
मुरादाबाद के मंडलायुक्त रहे आंजनेय कुमार सिंह की उत्तर प्रदेश में प्रतिनियुक्ति समाप्त हो गई है। वह सिक्किम कैडर के IAS अधिकारी हैं और लंबे समय से उत्तर प्रदेश में प्रतिनियुक्ति पर सेवाएं दे रहे थे। रिपोर्टों के अनुसार उन्हें सात बार सेवा विस्तार मिला था, लेकिन इस बार आठवीं बार एक्सटेंशन नहीं मिला। अब उन्हें अपने मूल कैडर सिक्किम लौटना होगा।
कई बड़े विभागों में भी बदलाव
प्रशासनिक फेरबदल सिर्फ मंडलायुक्तों तक सीमित नहीं रहा। ग्राम्य विकास, आयुष, समाज कल्याण, नगर विकास, नियोजन, सहकारिता और राज्य सूचना आयोग समेत कई महत्वपूर्ण विभागों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।
गौरी शंकर प्रियदर्शी को महानिदेशक आयुष एवं राष्ट्रीय आयुष मिशन की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि प्रमोद कुमार उपाध्याय को आयुक्त ग्राम्य विकास बनाया गया है। वहीं डॉ. राज शेखर को सचिव नियोजन विभाग एवं महानिदेशक अर्थ एवं संख्या की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव पर नजर
उत्तर प्रदेश में अगले विधानसभा चुनाव से पहले लगातार प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर बदलाव हो रहे हैं। ऐसे में 17 IAS अधिकारियों की नई तैनाती को प्रशासनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में इन अधिकारियों की नई जिम्मेदारियों का असर शासन और जिलों के प्रशासनिक कामकाज पर भी दिखाई दे सकता है।



