Home खेल भोपाल में राष्ट्रीय सेलिंग चैंपियनशिप का शंखनाद, 12 राज्यों के सेलर्स के...

भोपाल में राष्ट्रीय सेलिंग चैंपियनशिप का शंखनाद, 12 राज्यों के सेलर्स के बीच कड़ा मुकाबला

0
1

राजधानी भोपाल के अपर लेक स्थित बोट क्लब में मंगलवार से राजा भोज मल्टीक्लास नेशनल सेलिंग चैंपियनशिप (रैंकिंग) 2026 का आगाज हो गया। छह दिवसीय यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 11 से 16 अगस्त तक आयोजित की जा रही है। इसमें देश के 12 राज्यों से आए करीब 100 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के सेलर्स हिस्सा ले रहे हैं।

प्रतियोगिता का शुभारंभ सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने किया। चैंपियनशिप में खिलाड़ी अपनी रफ्तार, संतुलन, तकनीकी कौशल और रणनीति के दम पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए उतर रहे हैं। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर उनकी राष्ट्रीय रैंकिंग तय होगी, जो आगे अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिहाज से महत्वपूर्ण होगी।

YAI के तकनीकी मार्गदर्शन में हो रही प्रतियोगिता
चैंपियनशिप को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप आयोजित करने के लिए यॉटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया (YAI) का तकनीकी मार्गदर्शन मिल रहा है। YAI के 12 ज्यूरी सदस्य और वरिष्ठ पदाधिकारी भोपाल पहुंचे हैं। इसके अलावा भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के अधिकारी और मध्य प्रदेश याटिंग एसोसिएशन भी आयोजन में सहयोग कर रहे हैं।

वाटर स्पोर्ट्स का हब बन रहा भोपाल
भोपाल का बड़ा तालाब लंबे समय से सेलिंग और अन्य वाटर स्पोर्ट्स के लिए प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। मध्य प्रदेश राज्य जल क्रीड़ा अकादमी में सेलिंग, रोइंग, कयाकिंग, केनोइंग और स्लालम जैसी खेल सुविधाएं उपलब्ध हैं। खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए विशेषज्ञ प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

MP के खिलाड़ियों पर भी रहेंगी नजरें
इस चैंपियनशिप से मध्य प्रदेश के स्थानीय खिलाड़ियों को देश के शीर्ष सेलर्स के साथ प्रतिस्पर्धा करने का मौका मिल रहा है। इससे उन्हें राष्ट्रीय स्तर का अनुभव और अपनी तकनीक को निखारने का अवसर मिलेगा। 2025 की राजा भोज मल्टीक्लास सेलिंग चैंपियनशिप में मध्य प्रदेश की टीम ने 8 स्वर्ण, 5 रजत और 3 कांस्य समेत कुल 16 पदक जीते थे।

छह दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में अपर लेक की लहरों पर खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। चैंपियनशिप का उद्देश्य प्रदेश में वाटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के साथ खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए मंच उपलब्ध कराना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here