आग का तांडव: खेतों में लगी भीषण आग से किसानों को भारी नुकसान
दुर्ग | छत्तीसगढ़ के दुर्ग में पराली जलाने की लापरवाही ने पूरे इलाके में दहशत मचा दी है. दुर्ग के धमधा ब्लॉक के खिलोरा खुर्द गांव में शुक्रवार को लगी भयंकर आग ने सैकड़ों एकड़ खेतों को अपनी चपेट में ले लिया. इतना ही नहीं इस आग के चपेट में किसान के खलिहान में बंधे कई पशु आ गए और ये बुरी तरह झुलस गए. इस आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है. वहीं ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल बन हुआ है|
भीषण आग का कहर, 500 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख
खिलोरा खुर्द में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब खेतों में खड़ी गेहूं की फसल में अचानक भीषण आग भड़क उठी. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 500 एकड़ में फैली फसल को अपनी चपेट में ले लिया. कुछ ही घंटों में मेहनत से तैयार किसानों की फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई |
कई जानवर भी झुलसे
वहीं इस आग में सबसे दिल दहला देने वाली बात यह है कि आग गांव के करीब पहुंचने पर किसान के खलिहान में बंधे कई पशु आग की चपेट में आ गए. कई पशु बुरी तरह झुलस गए, जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है. ग्रामीणों का कहना है कि इस घटना से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है. गनीमत रही कि सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और तत्काल आग पर काबू पा लिया गया. अगर फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंचती तो यह आग और भयावह रूप ले सकती थी और बड़े पैमाने पर जान-माल की हानि हो सकती थी |
जानें कैसे फैली आग?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज हवा के कारण आग तेजी से एक खेत से दूसरे खेत तक फैलती चली गई, जिससे हालात बेकाबू हो गए. किसान आग बुझाने के लिए अपने स्तर पर जुटे रहे, लेकिन लपटों की तीव्रता के आगे उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए. घटना की सूचना मिलते ही बोरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास शुरू किया. स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश लगातार जारी रही |
किसानों की बढ़ी चिंता
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. किसानों के चेहरों पर मायूसी साफ नजर आ रही है, क्योंकि उनकी महीनों की मेहनत कुछ ही पलों में खाक हो गई. लगातार सामने आ रही आगजनी की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है. फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक आशंका लापरवाही या तेज गर्मी के कारण आग भड़कने की जताई जा रही है. प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है |
